महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने पर BJP विधायक मैथिली ठाकुर का बड़ा बयान, ‘जो लोग…’

Women Reservation Bill: मैथिली ठाकुर ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करना देश की आधी-आबादी के अधिकारों पर सीधा और खुला हमला है. विपक्ष का असली चेहरा सामने आ चुका है.

संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र के दौरान 131वें संशोधन बिल को पास नहीं कराया जा सका. महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े तीन बिलों के ऊपर शुक्रवार (17 अप्रैल, 2026) की शाम वोटिंग हुई. पक्ष में सिर्फ 298 वोट ही पड़े. विरोध में 230 वोट पड़े. इस पर बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर का बड़ा बयान आया है.

मैथिली ठाकुर ने विपक्ष पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा, “महिला आरक्षण बिल का विरोध करना देश की आधी आबादी के अधिकारों पर सीधा और खुला हमला है. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. जो लोग नारी सम्मान की बात करते हैं वही संसद में महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े हो जाते हैं.”

सामने आया विपक्ष का असली चेहरा: मैथिली ठाकुर

मैथिली ठाकुर ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, लेकिन विपक्ष हमेशा ऐसे प्रयासों में बाधा डालता रहा है. विपक्ष का असली चेहरा अब देश की हर महिला के सामने आ चुका है. यह केवल सत्ता की राजनीति करने वाले लोग हैं, जिन्हें महिलाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की कोई चिंता नहीं है.

यह भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी पर फिर उखड़े प्रशांत किशोर, ‘राज्य का मुखिया ऐसा आदमी बना जिसके…’

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. आगे भी इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी.

संजय सरावगी ने भी विपक्ष पर किया हमला

बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के अधिकारों, सम्मान और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है. विपक्ष प्रधानमंत्री के विरोध में इतना अंधा हो चुका है कि वह नारी शक्ति को मिल रहे ऐतिहासिक अधिकारों को भी छीनने पर उतारू हो गया है.

Leave a Comment